मैंने सिर्फ एक फोटो मांगी थी... बात इतनी बिगड़ कैसे गई?
Love Matters India

मैंने सिर्फ एक फोटो मांगी थी... बात इतनी बिगड़ कैसे गई?

द्वारा saumya2023 सितम्बर 17, 01:59 बजे
रिया ने मैसेज देख लिया, लेकिन उसका जवाब करीब एक घंटे बाद आया। उसने साफ मना कर दिया। बस इतना कहा कि वह अपनी निजी तस्वीरें शेयर करने में सहज नहीं है।

मुझे उसकी बात थोड़ी अजीब लगी। हम इतने समय से साथ थे। मैं उससे अपनी छोटी-बड़ी बातें शेयर करता था, अपनी तस्वीरें भेजता था, उसके सामने कुछ छिपाने जैसा मुझे कभी लगा ही नहीं। तो फिर एक तस्वीर को लेकर इतनी झिझक क्यों? मेरे लिए तो रिश्ते का मतलब यही था कि एक-दूसरे के सामने इतना सोचने की जरूरत न पड़े। अगर मैं उसके साथ इतना खुला रह सकता हूं, तो उससे भी तो यही उम्मीद रख सकता हूं।

मैंने उसे दोबारा मैसेज किया। शायद मुझे लगा कि वह मेरी बात ठीक से समझ नहीं पाई है। मैंने फिर समझाया कि मैं कोई अजनबी तो नहीं हूं। अगर उसे मुझ पर भरोसा है, तो एक तस्वीर भेजने में इतनी परेशानी क्यों होनी चाहिए?

कुछ देर बाद उसका जवाब आया। उसने बस इतना कहा कि उसकी अपनी कुछ सीमाएं हैं और वह चाहती है कि मैं उनका सम्मान करूं।

लेकिन मेरे लिए बात वहीं खत्म नहीं हुई। मेरे दिमाग में यही चल रहा था कि रिश्ते में भी अगर हर चीज़ को लेकर इतनी सीमाएं होंगी, तो फिर करीब होने का मतलब क्या है? आखिर मैं उसका बॉयफ्रेंड था। कोई अजनबी तो नहीं था।

मेरे दोस्तों के बीच भी ऐसी बातें होती रहती थीं। कोई अपनी गर्लफ्रेंड से तस्वीर मांगता था, कोई बताता था कि उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद भेजी है। उनके लिए यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं लगती थी। शायद इसलिए मुझे भी लग रहा था कि मैं कुछ अलग या गलत नहीं मांग रहा हूं।

रिया ने मना कर दिया था, लेकिन मेरे दिमाग में सवाल खत्म नहीं हो रहे थे। क्यों नहीं? मुझसे क्यों नहीं? अगर हम इतने करीब हैं, तो फिर मुझ पर इतना भरोसा क्यों नहीं?

मैंने उसे फिर मैसेज किया। उसने जवाब नहीं दिया।

एक दिन निकल गया। फिर दूसरा।

अब मैं और ज्यादा परेशान था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि एक तस्वीर की बात यहां तक कैसे पहुंच गई। क्या उसे मेरी बात इतनी बुरी लगी कि वह मुझसे बात ही नहीं करना चाहती?

फिर मेरे दिमाग में आगे की बातें आने लगीं। अगर हमारा रिश्ता आगे बढ़ता है तो? अगर कभी हमारी शादी होती है तो? क्या तब भी हमारे बीच ऐसी ही सीमाएं होंगी? क्या तब भी वह किसी बात पर बस ‘नहीं’ कहकर मुझसे उम्मीद करेगी कि मैं कोई सवाल न पूछूं?

मैं बार-बार अपने दोस्तों की बातें याद कर रहा था। उनके रिश्तों में तो यह सब इतना मुश्किल नहीं लगता था। फिर हमारे बीच क्यों था?

मुझे सबसे ज्यादा यही बात खटक रही थी कि मैं उसकी बात समझ नहीं पा रहा था। मेरे लिए प्यार, भरोसा और करीब होने का मतलब कुछ और था। शायद उसके लिए कुछ और। 

अपने इस उधेड़बुन को शांत करने के लिए मैंने अपनी दोस्त प्रिया से बात करने का सोचा और उसे सारी बातें बताई कि यार, बाकी लड़कियां तो अपनी फोटो भेज देती हैं लेकिन रिया को क्या प्रॉब्लेम है। प्रिया ने मुझे बताया कि यार, तू किसी को भी कोई भी फोटो भेजने के लिए फोर्स नहीं कर सकता है कि तेरा मन है, तो तू फोटो मांगेगा। तू खुद सोच कि जिसकी फोटो तू मांग रहा है, अगर वो अपनी फोटो भेजने में कंर्फटेबल महसूस नहीं कर रहा, तो अगर तू जबरदस्ती करेगा, तो ये तो किसी की बाउंड्री में घुसने जैसा हुआ। कई बार लड़कियों के फोटो वायरल हो जाते हैं। तू अगर तू कह रहा है कि ट्रस्ट करे, तो इन सब चीज़ों पर कोई ट्रस्ट नहीं करता यार। तुझे अपने गर्लफ्रेंड की बात समझनी चाहिए। 

प्रिया से बात करने के बाद मैंने भी बहुत सोचा कि हां यार, बात तो सही है कि अगर मुझसे भी कोई प्राइवेट फोटो मांगेगा, तो थोड़ा तो डर लगेगा। उसके बाद मैं समझ गया कि ट्रस्ट को लेकर इतना बवाल करने से बेहतर है कि हम दोनों एक दूसरे को समझें और एक-दूसरे के बाउंड्री की रिस्पेक्ट भी करें।

 

कोई सवालहमारे फेसबुक पेज पर लव मैटर्स (LMके साथ उसे साझा करें या हमारे इनबॉक्स में पूछें हम Instagram, YouTube  और Twitter पर भी हैं!

क्या आप इस जानकारी को उपयोगी पाते हैं?