जब मैं पहली बार गायनेकोलॉजिस्ट से मिलने गई
Love Matters India

जब मैं पहली बार गायनेकोलॉजिस्ट से मिलने गई

माही जब पहली बार गायनेकोलॉजिस्ट के यहां जाने वाली थी, तब वो काफी परेशान थी कि गायनेकोलॉजिस्ट कैसी होगी.. क्या सवाल पूछना सही रहेगा और जज कर लिया तो? उन्होंने अपना एक्सपीरियंस लव मैटर्स के साथ शेयर किया है।

मुझे याद है कि जब मैं पहली बार अपने रुटीन टेस्ट के लिए गायनेकोलॉजिस्ट के पास गई थी, तब मेरे साथ कोई नहीं था लेकिन मैं सेक्सुअली एक्टिव हूं इसलिए मुझे डॉक्टर के सवालों के बारे में सोचकर पहले से ही बहुत डर लग रहा था। जैसे- मैं कैसे बताऊंगी कि मैंने सेक्स करना कब शुरू किया, वैसे मेरा पार्टनर तो एक ही है लेकिन तब भी अगर डॉक्टर ने कुछ सोच लिया तो..? 

शादी तो नहीं हुई है 

मुझे याद है कि साल 2026 में मैं पहली बार गायनेकोलॉजिस्ट के पास जाने वाली थी लेकिन उस रात मुझे नींद नहीं आई। मैंने AI से कई सवाल पूछ डाले। जैसे- नीचे के बाल साफ करके जाना चाहिए या नॉर्मल थोड़े-बहुत बाल चलते हैं, अगर शादी के बारे में पूछा या पार्टनर के बारे में पूछा, तो क्या जवाब दूंगी, वहां बाकी आंटी भी मौजूद होंगी, तो अगर किसी ने देख लिया या गलती से कोई जान-पहचान वाला मिल गया तो… फिर क्या होगा? 

मैंने अपने ब्वॉयफ्रेंड को भी सब बताया कि मुझे अपना रुटीन चेकअप शुरू करना चाहिए, तो उसने कहा था कि वो मेरे साथ चलेगा लेकिन पता नहीं क्यों मैंने उसे मना कर दिया। शायद मैं अकेले सबकुछ फेस करना चाहती थी। 

वेटिंग रूम की घबराहट 

खैर, रातभर सोचने के बाद वो दिन आ ही गया था, जब मैं गायनेकोलॉजिस्ट से मिलने वाली थी।

क्लिनिक के वेटिंग रूम की गुलाबी दीवारें और मुस्कुराते नवजात बच्चों के पोस्टर और प्रेग्नेंट कपल्स की फोटो को देखकर मुझे बहुत अजीब लग रहा था जबकि मैं कोई अबॉर्शन कराने नहीं आई थी मगर आप खुद सोचो कि ऐसे माहौल में 20-22 साल की एक सिंगल लड़की का वहां बैठना ही उसे अलग-थलग महसूस कराता है।

और जब डॉक्टर के केबिन में मैं घुसी, तब पहला ही सवाल मेरे 'मैरिटल स्टेटस' को लेकर पूछा गया, तब तो मेरे धड़कनें बढ़ गई। मैंने ना में जवाब दिया फिर मेरी प्रॉब्लेम के बारे में पूछा गया और उसके बाद सेक्सुअली एक्टिव को लेकर सवाल पूछा गया। जब मैंने बताया कि मैं सेक्सुअली एक्टिव हूं, तब पहली बार तो मुझे ऐसा लगा कि डॉक्टर अपनी आंखों से मेरे कैरेक्ट को स्कैन ना कर दे लेकिन ऐसा इतना कुछ भी नहीं हुआ। 

डॉक्टर बेहद नॉर्मल और प्रोफेशनल तरीके से पेश आईं। उन्होंने न तो कोई अजीब एक्सप्रेशन दिया और ना ही मुझे कोई मोरल लेक्चर पिलाया। उन्होंने बहुत प्यार से मेरी पूरी बात सुनी, मुझे कम्फर्टेबल महसूस कराया और मेरी प्रॉब्लम के हिसाब से सही दवाइयां और सलाह दी। क्लिनिक से बाहर निकलते ही मुझे महसूस हुआ कि मैं बेवजह डर रही थी। कुछ ही दिनों में दवाइयों से मेरी समस्या में बहुत आराम भी मिल गया। मुझे ऐसा लगता है कि जज किए जाने के इसी डर की वजह से लड़कियां मेडिकल एंजायटी का शिकार हो जाती हैं।

अपनी पहली विजिट को ऐसे बनाएं आसान

आपकी बॉडी, आपकी हेल्थ और आपका हक! पहली बार गायनेकोलॉजिस्ट के पास जाते समय इन बातों का ध्यान रखें। मैं अपने एक्सपीरियंस से कुछ बाते शेयर करना चाहती हूं। जैसे-

  • सवाल पहले से नोट करें: घबराहट में अक्सर बातें भूल जाती हैं। अपने लक्षण और सवाल फोन के नोट्स में लिख लें।
  • सोशल मीडिया चेक करोः इंस्टाग्रम पर बहुत डॉक्टर्स हैं, जो हेल्थ पर रिल्स डालने के साथ कंसल्ट भी करते हैं। तो आप चाहो, तो उसने संपर्क कर सकते हो लेकिन तब जब प्रॉब्लेम बहुत ज्यादा बड़ी ना हो क्योंकि जवाब आने में भी समय लग सकता है।  
  • बाउंड्रीज तय करें: याद रखें, डॉक्टर का काम आपकी सेहत की जांच करना है, आपकी लाइफस्टाइल या कैरेक्टर पर फैसला सुनाना नहीं। अगर कोई सवाल असहज करे, तो आप साफ कह सकती हैं- "डॉक्टर, प्लीज मेरी मेडिकल प्रॉब्लम पर फोकस करें।"
  • साथ में किसी भरोसेमंद को ले जाएं: अगर आपका मन है, तो अपने साथ किसी क्लोज फ्रेंड या बहन को साथ रखें जो आपको सपोर्ट महसूस कराए।

बात बस इतनी सी है...

जैसे दांत के दर्द के लिए डेंटिस्ट के पास जाना नॉर्मल है, वैसे ही अपनी रिप्रोडक्टिव और सेक्शुअल हेल्थ के लिए गायनेकोलॉजिस्ट के पास जाना पूरी तरह से नॉर्मल है। इसके लिए किसी मैरिज सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होती। अपनी सेहत को प्राथमिकता दें, शर्म को कहें बाय-बाय और अपनी बॉडी पर पूरा हक जताएं!

 

क्या आपके मन में प्यार, सेक्स या रिश्तों से जुड़े सवाल हैं? बस WhatsApp पर +91 9897944799 पर “Hi” भेजें और अपने सवालों के जवाब पाएं।

 

क्या आप इस जानकारी को उपयोगी पाते हैं?