गर्भनिरोधक इंजेक्शन क्या है?
इस इंजेक्शन में हार्मोन (प्रोजेस्टिन या प्रोजेस्टिन और एस्ट्रोजन) होते हैं जो की गर्भ को ठहरने नहीं देते। इन गर्भ निरोधकों को इंजेक्शन से शरीर में डाला जाता है और गर्भावस्था में बाधा वाले हार्मोन को कम मात्रा में जारी किया जाता है। प्रोजेस्टेरोन- इंजेक्शन गर्भ निरोधकों (पीओआईसी) गर्भनिरोधक की एक दीर्घकालीन और प्रतिवर्ती विधि है।
क्या यह भारत में उपलब्ध है?
भारत में, डेपो-प्रोवेरा एक गर्भनिरोधक इंजेक्शन के लिए एक प्रसिद्ध ब्रांड नाम है जिसमें हार्मोन प्रोजेस्टिन शामिल है। डेपो प्रोवेरा या डेपो मेड्रोक्सीप्रोजेस्टेरोन एसीटेट DMPA (जेनेरिक नाम) एक लंबे समय तक चलने वाला वाला गर्भनिरोधक है।
यह कब तक काम करता है?
एक खुराक तीन महीने तक रहता है।
यह कैसे काम करता है?
इसमें मेड्रोक्सी प्रोजेस्टेरोन एसिटेड मौजूद होता है जो ओव्यूलेशन की प्रक्रिया को रोकता है. इसके कारण ओवरी से अंडे रिलीज नहीं होते हैं।
इसके अलावा यह सर्वाइकल म्यूकस को गाढ़ा कर देता है जिसके कारण स्पर्म अंडों तक नहीं पहुंच पाते हैं। यदि आप रोज गर्भनिरोधक दवाइयां नहीं लेना चाहती हैं तो डेपो प्रोवेरा आपके लिए सबसे बेहतर उपाय है। हालांकि इससे कुछ साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं।
क्या इसके कोई साइड इफेक्ट्स हैं?
इस विधि का एक सामान्य दुष्प्रभाव अनियमित मासिक धर्म रक्तस्राव तथा मासिक धर्म का पूरी तरह बंद हो जाना (अमेनोरिया) है, जैसा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय परिवार नियोजन दिशानिर्देशों में उल्लेख किया गया है।
अन्य दुष्प्रभावों में वजन बढ़ना, सिरदर्द, चक्कर आना तथा हड्डियों के खनिज घनत्व (bone density) में कमी शामिल हो सकती है। लंबे समय तक उपयोग के साथ हड्डियों के क्षय की चिंताओं यानी कि हड्डियों में कमज़ोरी के कारण U.S. Food and Drug Administration दो वर्ष से अधिक उपयोग पर सावधानी बरतने की सलाह देता है, जबकि Centers for Disease Control and Prevention का कहना है कि उचित परामर्श के साथ कई उपयोगकर्ताओं के लिए इसके लाभ जोखिमों से अधिक हो सकते हैं।
अगर मैं गर्भधारण करना चाहती हूं तो मुझे कितनी देर इंतज़ार करना होगा?
इस दवा को रोकने के बाद प्रजनन क्षमता को वापस आने में लगभग 9-10 महीने लगते हैं।
डेपो-प्रोवेरा के लाभ
- विश्वसनीय और प्रभावी।
- लंबे समय तक बिना तनाव के सेक्स किया जा सकता है।
- कोई रखरखाव नहीं।
- बहुत कीमती नहीं है।
डेपो – प्रोवेरा की हानियाँ
- नियमित डॉक्टरी सलाह की ज़रूरत।
- यदि आप गर्भधारण करना चाहती हैं तो प्रजनन क्षमता तुरंत वापस नहीं आती है।
- अनियमित मासिक धर्म या अन्य दुष्प्रभावों का कारण बन सकता है।
- यह यौन संचारित रोगों से सुरक्षा प्रदान नहीं करता है।
कोई सवाल? नीचे टिप्पणी करें या हमारे चर्चा मंच पर एलएम विशेषज्ञों से पूछें। हमारा फेसबुक पेज चेक करना ना भूलें।