Shutterstock/Fotos593

फीमेल कंडोम के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य

Submitted by Akshita Nagpal on सोम, 03/16/2020 - 10:04 पूर्वान्ह
सुरक्षित यौन संबंधों का ख्याल रखने की ज़िम्मेदारी हमेशा लड़कों पर ही क्यों हो! अब तो महिलाओं के लिए भी गर्भ नियंत्रण के कई विकल्प उपलब्ध है। लव मैटर्स आपको फीमेल कंडोम से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों के बारे में बताने जा रहा है।

फीमेल कंडोम क्या है

फीमेल कंडोम, गर्भनिरोधक का एक विकल्प है जो एसटीआई और एसटीडी से आपको सुरक्षित रखता हैI फीमेल कंडोम बनाने में भी उन्हीं सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है जो पुरुषों का कंडोम बनाने में किया जाता है और इनके काम का तरीका भी लगभग एक समान होता है।

फीमेल कंडोम को संभोग से पहले महिलाएं अपनी योनि के अंदर लगाती हैं। इस कंंडोम के एक सिरे पर रिंग जैसी आकृति बनी होती है जो संभोग के दौरान वीर्य को योनि में अंदर जाने से रोकता है।

महिला कंडोम एक बैग जैसा दिखता है (ऊपर और नीचे की तस्वीर देखें)। इसका आखिरी बंद सिरा गर्भाशय ग्रीवा के पास होता है और बाकी हिस्सा योनि की दीवारों से चिपका होता है ताकि वीर्य योनि में प्रवेश न कर पाए और अनजाने में गर्भावस्था का कारण न बने।

Shutterstock/Image Point Fr

महिला कंडोम कितना लोकप्रिय है?

पुरूषों के कंडोम की तुलना में महिलाओं के कंडोम अभी उतने लोकप्रिय नहीं है। वास्तव में इसके कई कारण हो सकते हैं। फीमेल कंडोम, पुरुष कंडोम की अपेक्षा 40 प्रतिशत अधिक महंगे है और दूसरा इन्हें योनि के अंदर डालना पड़ता है।

जो महिलाएं खुद कंडोम खरीदने जाती हैं उन्हें अज़ीब नज़रों से देखा जाता है। इसके अलावा यह कंडोम फार्मेसी पर आसानी से उपलब्ध भी नहीं रहते है। इसलिए अभी तक संभोग और गर्भनिरोधक के इस्तेमाल के फैसले पर पुरुषों का ही वर्चस्व है।

नीचे दी गई तस्वीर में दिखाए गए पुरुष और महिला कंडोम की तुलना करें। बाईं ओर पुरुष कंडोम है, जो आकार में छोटा है। दाईं ओर फीमेल कंडोम दिखाया गया है।

Shutterstock/Image Point Fr

विश्वसनीय है या नहीं?

महिला कंडोम काफी भरोसेमंद है लेकिन यह गर्भनिरोधक का कोई पुख्ता उपाय नहीं है। इनकी सफलता दर पुरुष कंडोम की तुलना में कम है।

हालांकि यह कहना गलत नहीं होगा कि यह कंडोम गर्भावस्था को रोकने एवं एसटीआई और एसटीडी से बचाने में सहायक होता है। इनका उपयोग अन्य गर्भनिरोधक विधियों जैसे गर्भनिरोधक गोलियां, कॉपर टी आदि के साथ किया जा सकता है।

क्या महत्वपूर्ण है?

याद रखने वाली एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इसका उपयोग विषम लिंगी जोड़ों द्वारा किया जाता हैI यदि महिला ने कंडोम पहना है तो पुरुष को कंडोम का उपयोग नहीं करना चाहिए। केवल एक साथी को कंडोम पहनना चाहिए, अन्यथा अधिक रगड़ के कारण कंडोम फट सकता है और अनचाहे गर्भ, एसटीआई और एसटीडी का ख़तरा बढ़ सकता है।

2016 में, भारत सरकार ने महिला कंडोम के निर्माण और उसे लोकप्रिय बनाने के लिए भारत की एक कंपनी को सहयोग प्रदान किया। हालांकि,महिला कंडोम काफी महंगा होने के कारण यह अभी भी आबादी के बड़े हिस्से की पहुंच से दूर है।

यह लेख पहली बार 1 अप्रैल, 2019 को प्रकाशित हुआ था।

क्या आप गर्भ नियंत्रण से जुड़े कोई और सवाल पूछना चाहते हैं? नीचे टिप्पणी करके या हमारे फेसबुक पेज पर लव मैटर्स (एलएम) के साथ जुड़कर अपने विचार हम तक पहुंचाएंI यदि आपके पास कोई विशिष्ट प्रश्न है, तो कृपया हमारे चर्चा मंच पर एलएम विशेषज्ञों से पूछें।