कैसे हुआ मेरे हनीमून का सत्यानाश!
शटरस्टॉक/Pranay Chandra Singh

कैसे हुआ मेरे हनीमून का सत्यानाश!

द्वारा Sraboni Basu जून 28, 11:45 बजे
हनीमून के दौरान जब पूजा ने अपने पति को उसकी एक्स-गर्लफ्रेंड से बात करते हुए पकड़ा तो जैसे उसकी दुनिया ही उजड़ गयी। आगे जानिये कि कैसे बदला लिया उसने अपने पति से...

पूजा 28 वर्षीय वकील हैं जो मुम्बई में रहती हैं।

पूजा और राहुल की प्रेम कहानी भी बड़ी ही रोचक थी। पूजा बेहद खुले विचारों वाली लड़की थी और मुम्बई की एक मशहूर लॉ संस्था में कार्यरत थी। उसे रोमांचक चीज़े करना पसंद था। दूसरी और राहुल एक एनीमेशन कलाकार था जिसे अपने में रहना अच्छा लगता था। उसका अधिकतर समय प्रकृति और किताबों के आसपास ही गुज़रता था।

एक दूसरे से इतने अलग होते हुए भी एक आदत थी जो दोनों में एक सामान थी। दोनों ही समाज के लिए कुछ बेहतर करना चाहते थे। उन दोनों की मुलाक़ात भी एक ऐसे समारोह के दौरान हुई थी जो गरीब बच्चों के लिए धन इकठ्ठा करने के लिए मनाया जा रहा था। पहली मुलाक़ात में ही दोनों की एक दूसरे से खूब जम गयी थी। जहाँ राहुल को पूजा का स्फूर्ति से भरा व्यक्तित्व पसंद आया था वहीँ पूजा के मन को राहुल के अंदर के ठहराव ने मोह लिया था।

जैसे भूचाल आ गया हो

पूजा 28 साल की हो गयी थी और उसकी शादी को लेकर उसके माता-पिता रोज़ उस पर दबाव डाल रहे थे। इसी से तंग आकर एक दिन उसने उन्हें राहुल के बारे में सब बता दिया। बस फ़िर क्या था, जैसे कोई भूचाल आ गया हो। आखिर उसने दूसरी जाती के लड़के के साथ रिश्ता जोड़ने के बारे में सोच भी कैसे लिया!

राहुल के घर पर माहौल इतना खराब तो नहीं था लेकिन उसके माँ-बाप भी उसकी पसंद को लेकर कुछ ख़ास खुश नहीं थे। खैर, बहुत समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवारो ने अपने बच्चों की ख़ुशी और भविष्य के लिए इस रिश्ते के लिए हामी भर दी।

हनीमून पर प्यार का खून

शादी के बाद पूजा और राहुल हनीमून के लिए अंडमान रवाना हो गए। पूजा अपने हनीमून को लेकर बेहद उत्साहित थी लेकिन वहां बिताये सात दिनों के दौरान उसे राहुल का व्यवहार कुछ समझ नहीं आ रहा था। जब भी पूजा का मन बाहर घूमने और स्विमिंग पूल में गोते लगाने का करता तो राहुल कुछ बहाना बना कर कमरे में ही रुक जाता।

एक दोपहर गलती से उसने राहुल के फ़ोन पर उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड, शिल्पा द्वारा भेजा हुआ सन्देश मिला। उसे पढ़कर ना सिर्फ़ पूजा का दिमाग खराब हो गया बल्कि उसे राहुल के व्यवहार में बदलाव का कारण भी समझ आ गया।

अगले दो दिनों तक पूजा ने राहुल पर नज़र रखी तो उसे साफ़ नज़र आ गया कि राहुल अपने फ़ोन को लेकर कुछ ज़्यादा ही घबराया हुआ है। जब उसके लिए रुकना मुश्किल हो गया तो उसने राहुल से सीधे-सीधे पूछ लिया कि उसके और शिल्पा के बीच में क्या चल रहा है। राहुल का कहना था कि उसका शिल्पा से पूजा के मिलने से दो साल पहले ब्रेकअप हो गया था। लेकिन जब पूजा ने उसे बताया कि उसने उसके फ़ोन में शिल्पा के मेसेज पढ़ लिए हैं तो राहुल के पास सच बताने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा थाI

पुराने प्यार की वापसी

राहुल ने बताया कि उससे रिश्ता टूटने के बाद शिल्पा की शादी हो गयी थी और वो छः महीने पहले ही अपने पति के साथ मुम्बई आयी थी। आने के बाद वो और राहुल फेसबुक की मदद से दोबारा संपर्क में आये और उनकी मुलाक़ातों का सिलसिला दोबारा शुरू हो गयाI और एक बार फ़िर दोनों के बीच रिश्ता जुड़ गया

राहुल की बातें सुनकर पूजा के गुस्से का कोई ठिकाना नहीं था। एक बात जिससे उसे सबसे ज़्यादा धक्का पहुंचा था वो यह थी कि जिस दौरान राहुल दोनों परिवारों को शादी के लिए मनाने में लगा था उसी दौरान वो शिल्पा के साथ भी गुलछर्रे उड़ा रहा था! राहुल लगातार गिड़गिड़ा रहा था कि उससे गलती हो गयी और वो यह शादी तोड़ना नहीं चाहता। उसने शिल्पा से सारे रिश्ते खत्म करने का भी वादा किया था।

भरोसा टूटना!

जब वो वापस लौटे तो ऐसा लगा कि उनका रिश्ता फ़िर पटरी पर आ गया है। दो महीने बाद पूजा काम के सिलसिले में तीन दिन के लिए पुणे चली गयी। जब वो देर रात घर लौटी तो उसने राहुल को उसके लिए इंतज़ार करते पाया। राहुल ने उसका मनपसंद खाना भी मंगवाया हुआ था। साथ में डिनर करने के बाद राहुल जल्दी सोने चला गया।

सोने से पहले पूजा ने अपनी कामवाली से कुछ सवाल जवाब किये तो उसे पता चला कि उसके पीछे से शिल्पा उसके घर पर आयी थी। उसका मन तो किया कि राहुल का उसी समय गला दबा दे। वो पूरी तरह टूट गयी थी। उसे एक साथ बेहद दुःख और गुस्से का एहसास हो रहा था। उसे विश्वास ही नहीं हो रहा था कि यह दिन देखने के लिए उसने अपने परिवार से इतनी लड़ाई की थी। वो उसी रात राहुल के घर और ज़िन्दगी से बहुत दूर चली गयी।

क्या आपको कभी आपके साथी ने धोखा दिया है? अपना अनुभव नीचे टिपण्णी कर के या फेसबुक के ज़रिये हमें बताएं। अगर आपके मन में किसी भी प्रकार की कोई दुविधा है तो कृपया हमारे फोरम जस्ट पूछो का हिस्सा बनें

क्या आप इस जानकारी को उपयोगी पाते हैं?

Comments
नई टिप्पणी जोड़ें

Comment

  • अनुमति रखने वाले HTML टैगस: <a href hreflang>