Shutterstock / Serg Zastavkin / Love Matters

संगीत बनाये सेक्स जीवन को बेहतर

Submitted by Sarah Moses on बुध, 03/23/2016 - 02:03 बजे
अपनी दिनचर्या में यौन क्रिया बढ़ाना चाहते हैं? सोनोस और एप्पल म्यूजिक द्वारा निधिबद्ध एक अध्ययन के अनुसार अपने साथी के साथ संगीत सुनना इसमें आपकी मदद कर सकता हैI

कल्पना कीजिये कि ऑफिस में लम्बा समय बिताने के बाद आप और आपका साथी घर में सुस्ता रहे हैंI आप इंटरनेट पर व्यस्त हैं और वो किसी मैगज़ीन के पन्नें पलट रही हैं कि तभी बलम पिचकारी गाना बज उठता हैI अरे वाह ! यह तो "आप दोनों" का गाना है और आप थिरकने लगते हैंI थके हारे होने के बावजूद आपको पता है कि गाने का अंत बैडरूम में ही होगाI

अपने साथी के साथ संगीत सुनना काफी सेक्सी हो सकता हैI पर जाने माने न्यूरो वैज्ञानिक डॉ डेनियल लेविटिन ,जो इस विषय के एक्सपर्ट समझे जाते हैं, की मदद से विश्वस्तर पर की गयी एक  शोध के परिणामों पर नज़र डालें तो पता चलता है कि ऐसा नहीं है कि रूमानी रिश्तों में संगीत से सिर्फ यही एक फ़र्क़ पड़ता हैI

रोमांचक, लयबद्ध, रूमानी...

अध्ययन के पहले भाग में 30,000 लोगों को एक सर्वे में शामिल किया गया और पूछा गया कि संगीत से उनके जीवन पर क्या प्रभाव पड़ता हैI  उसके बाद विश्वभर में 30 घरो में ध्वनि तंत्र लगाये गएI पहले हफ़्ते बिना संगीत के रहने के बाद इन लोगों को कहा गया कि अब यह अपना मन पसंद संगीत सुन सकते हैंI तो एक संगीत से भरे हफ़्ते का इनके जीवन पर क्या असर पड़ा?

पता चला कि परीक्षण में शामिल जोड़ो ने 37 प्रतिशत ज़्यादा समय बैडरूम में बिताया - लेकिन यह समय सोने के लिए नहीं थाI मतलब साफ़ था -जीवन में सेक्स तो बड़ा हैI सर्वे के परिणामों ने भी इसी बात पर जोर दिया था, उनके अनुसार जब संगीत बज रहा होता है तो जोड़ो के बीच सेक्स होने की संभावना 67 प्रतिशत बड़ जाती हैI

 

सर्वे ने इस बात का भी खुलासा किया 5 में से 1 जोड़े के बीच सेक्स और बेहतर होता है जब वो संगीत सुन रहे होते हैंI अधिकतर लोगों का यह मानना है कि संगीत सेक्स को शायद ओर रोमांचक और लयबद्ध बना देता है और इस वजह से सेक्स बेहतर हो जाता हैI करीब करीब समान लोगों का यह भी कहना था कि संगीत के साथ बिताये रूमानी पल और भी रूमानी हो गए थेI

हमारा वाला गाना

शोध ने एक और बात की पुष्टि की जो बहुत से लोगों को पहले से पता होगी: प्यार का मूड बनाने के लिए संगीत से अच्छा कुछ नहीं हैI सर्वे में दिए गए जवाबों के अनुसार 5 में से 1 व्यक्ति का यह मानना था कि कई बार सिर्फ़ एक गाने के बोल सुनकर ही वो पहला कदम उठा लेते हैंI समान लोगों का यह भी कहना था कि अपना वाला गाना सुनने के बाद प्यार का इज़हार भी अपने आप हो जाता हैI कमाल की बात यह थी कि वो लोग जो एक हफ़्ते में कम से कम 10 घंटे संगीत सुनते थे, को वो गाना याद था जो इनके साथी का मूड बना सकता थाI

तो यह सुनकर आश्चर्य नहीं होता कि अपने संभावित साथी का पसंदीदा संगीत बात बिगाड़ भी सकता है ओर बना भीI लगभग 60 प्रतिशत लोगों का मानना है कि अच्छा संगीत सुनना आपको देखने वालों की नज़र में और आकर्षक बना सकता हैI और 3 में से 1 व्यक्ति उस व्यक्ति को डेट नहीं करना चाहता जिनकी पसंद उनके संगीत की पसंद से मेल ना खाती होI शायद यही वजह है कि 28 प्रतिशत लोगों को यह विश्वास था कि उनके साथियों ने अपने आपको और आकषर्क लगवाने के लिए अपनी पसंद के बारे में झूठ बोला थाI

तो यह कैसे काम करता है?

अब आप सोच रहे होंगे कि सेक्स, रोमांस और आकर्षण के मामले में संगीत इतना प्रभावशाली कैसे हो सकता है? डॉ लेविटिन समझाते हैं कि जब जोड़े एक साथ संगीत सुनते हैं तो ऑक्सीटोसिन नाम का एक हार्मोन निकलता हैI इसको "लव हार्मोन" भी कहा जाता है और यह दो लोगों के बीच विश्वास और प्यार बड़ाने में सहायक सिद्ध होता हैI सेरोटोनिन नाम का एक और हार्मोन है जिसकी वजह से आप खुश महसूस करते हैं और यह भी तब निकलता है जब दो लोग एक साथ संगीत सुनते हैंI

यह प्यार और ख़ुशी की भावनाओं की तारें उस संगीत से जुड़ी होती हैं जो आप सुन रहे होते हैंI

डॉ लेविटिन के अनुसार हमारे पूर्वज संगीत के द्वारा अपनी रचनात्मकता और विशिष्टता को ज़ाहिर करते थे जिससे संभावित साथियों की नज़र में वो और आकर्षक लग सकेंI अगर आज की बात करें तो शायद यही कारण है कि हम अभी भी उस व्यक्ति की ओर आकर्षित हो जाते हैं जिसे "हमारे वाले" गाने पसंद आते हैंI

स्त्रोत: musicmakesithome.com

तो आपका पसंदीदा गाना कौनसा है? वो जो आप दोनों को सेक्सी लगता है? हमसे फेसबुक पर संपर्क करें!